धान के खेत में दिखा तेंदुआ, वन विभाग की टीम निगरानी में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
धान के खेत में दिखा तेंदुआ, वन विभाग की टीम निगरानी में जुटी


रायपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम जैतपुरी में धान के खेतों के बीच आज गुरुवार काे तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना पर वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग द्वारा ट्रेंकूलाइजेशन की तैयारी की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ इससे पहले भी गांव में कई बार नजर आ चुका है और अब तक करीब 4 से 5 बकरियों का शिकार कर चुका है। जैतपुरी गांव भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र से लगा हुआ है। ग्रामीणाें ने तेंदुए काे देखा ताे इसकी सूचना वन विभाग काे दी। वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग द्वारा ट्रेंकूलाइजेशन की तैयारी की जा रही है।

मौके पर वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल सहित वन विभाग की टीम मौजूद है। तेंदुए को बेहोश करने के लिए रायपुर के जंगल सफारी से ट्रेंकूलाइजेशन गन मंगाई जा रही है। विभाग के अनुसार, गन को मौके तक पहुंचने में करीब 2 से 3 घंटे का समय लग सकता है।

तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं, मौके पर तेंदुए को देखने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी जुटे हुए हैं। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुए के नजदीक नहीं जाने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story