लीज व किराया के 15.26 लाख बकाया, भखारा में दो दुकानें सील
धमतरी, 30 अप्रैल (हि.स.)। लंबे समय से लीज एवं किराया नहीं पटाने वाले नगर पंचायत भखारा के दो दुकानदारों की दुकानें सील कर दी गई है। दोनों बकायादारों पर कुल 15 लाख 26 हजार रुपये का बकाया था। यह कार्रवाई नगर पंचायत भखारा के नवपदस्थ सीएमओ ने की है। इस कार्रवाई से अन्य बकायादारों में जिन्होंने लंबे समय से टैक्स नहीं पटाया है, उनकी चिंता इस कार्रवाई से बढ़ गई है।
नगर पंचायत भखारा के नवपदस्थ सीएमओ हरिकिशन पावरिया नगर पंचायत में आर्थिक व्यवस्था दुरूस्त करने पहल शुरू कर दी है। लंबे समय से टैक्स नहीं पटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, ताकि नगर पंचायत की आर्थिक व्यवस्था में सुधार हो सके और आय में वृद्धि हो। ऐसे कई उद्देश्यों को लेकर इन दिनों सीएमओ पावरिया की अगुवाई में कार्रवाई की जा रही है। 30 अपै्रल को नगर पंचायत भखारा में 15.26 लाख के बकायादारों की दो दुकानें सील की गई है, जो लंबे समय से लीज एवं किराया नहीं पटा रहे थे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पावरिया के निर्देश पर राजस्व एवं अतिक्रमण अमले ने पुलिस बल की उपस्थिति में दोपहर को यह कार्रवाई की है। बकायादार नवनीत सोन पर 11 लाख 76,000 रुपये लीज की राशि बकाया है। वहीं गेवेन्द कुमार साहू का किराया की राशि साढ़े तीन लाख रुपये है, जिसे वह नहीं पटा रहा है। जबकि नगर पंचायत की टीम लंबे समय से टैक्स व किराया शुल्क जमा कराने उनके पास पहुंच रहे थे, लेकिन जमा नहीं किया जा रहा था, ऐसे में यह कार्रवाई की गई है।
सीएमओ हरिकिशन पावरिया ने बताया कि, नगर पंचायत के गठन के बाद यह पहला मौका है जब 15 लाख से अधिक की बकाया लीज-किराया राशि पर दुकान सील करने की नौबत आई है। दोनों बकायादारों को तीन-तीन बार नोटिस जारी किया गया था। छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 187 के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई। मौके पर पंचनामा तैयार कर वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

