धमतरी के मुख्य राइजिंग पाइप में लीकेज, 40 वार्डों में पेयजल आपूर्ति बाधित

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी के मुख्य राइजिंग पाइप में लीकेज, 40 वार्डों में पेयजल आपूर्ति बाधित


धमतरी, 07 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम धमतरी के 40 वार्डों में सोमवार शाम पेयजल आपूर्ति बाधित रही। विंध्यवासिनी मंदिर के सामने मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज के साथ नहर नाका के पास भी पाइपलाइन फटने से जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई। दोनों स्थानों पर मरम्मत के लिए नगर निगम के जल विभाग ने काम शुरू कराया है। इसके चलते मंगलवार सुबह भी शहर के सभी वार्डों में नल से पानी की आपूर्ति नहीं होगी।

विंध्यवासिनी मंदिर के सामने मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज की जानकारी मिलते ही नगर निगम के जल विभाग ने टीम को मौके पर भेजा। टीम ने लीकेज वाले हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। सोमवार सुबह सभी वार्डों में पेयजल आपूर्ति होने के बाद यह काम शुरू कराया गया। मरम्मत के दौरान पुराने 14.70 एमएलडी वाटर फिल्टर प्लांट से होने वाली जलापूर्ति बंद कर दी गई है। इसी प्लांट से शहर के सभी 40 वार्डों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद ही जलापूर्ति दोबारा शुरू की जाएगी। नहर नाका के पास भी पाइपलाइन फटने की जानकारी सामने आई है। यहां भी जल विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी है।

विभाग के अनुसार मंगलवार दोपहर तक पाइपलाइन को दुरुस्त करने का प्रयास है। इसके बाद जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य होने की संभावना है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में नगर निगम द्वारा वार्डों में टैंकर भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इससे लोगों को पेयजल के लिए ज्यादा परेशानी न हो, इसके लिए जरूरत वाले क्षेत्रों में टैंकरों से पानी पहुंचाया जाएगा।

इस संबंध में जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि विंध्यवासिनी मंदिर के सामने लीकेज की जानकारी मिलते ही टीम भेजकर सुधार कार्य शुरू कराया गया। नहर नाका के पास भी पाइपलाइन फटी है। दोनों स्थानों पर मरम्मत का काम चल रहा है और मंगलवार दोपहर तक इसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर वार्डों में टैंकर भेजकर पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story