बलरामपुर धान खरीद केंद्र पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, किसानों का तिलक-माला पहनाकर किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर धान खरीद केंद्र पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, किसानों का तिलक-माला पहनाकर किया सम्मान


बलरामपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर में धान खरीद व्यवस्था का जायजा लेने सोमवार को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपार्जन केंद्र पहुंचीं। यहां उन्होंने तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर धान बेचने आए किसानों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर तौल, टोकन, भुगतान और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

किसानों से चर्चा करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि किसान की मेहनत का हर दाना अनमोल है। धान की फसल तैयार करने में किसान महीनों मेहनत करता है और उसकी उपज के साथ परिवार की उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं। इसलिए उपार्जन केंद्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के धान की सही तौल हो और उन्हें उनकी उपज का पूरा मूल्य समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। किसानों का सम्मान छत्तीसगढ़ की शान है और राज्य सरकार उनके सम्मान एवं समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तौल व्यवस्था, नमी जांच, बारदाना, धान की स्टैकिंग, पेयजल और छाया जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और समिति कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। तौल प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान लिया जा रहा है। नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य है, जबकि धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित है।

जिले में खरीदी के पहले दिन 37 उपार्जन केंद्रों में कुल 6,584 क्विंटल धान की खरीदी हुई। यह पिछले वर्ष के पहले दिन की खरीदी से लगभग 20 गुना अधिक है। मंत्री ने किसानों से तुहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन लेकर निर्धारित तिथि पर साफ और सूखा धान उपार्जन केंद्र लाने की अपील की।

इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story