सूरजपुर : कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश, शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर दिया जोर
सूरजपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। सूरजपुर जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज सोमवार कलेक्टर रेना जमील ने समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
बैठक में कलेक्टर ने जमीन संबंधी विवादों के त्वरित समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न समाज और समुदायों से जुड़े संवेदनशील मामलों पर लगातार नजर रखने तथा रैली, धरना-प्रदर्शन और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने, अस्पतालों और अन्य चिकित्सा संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के प्रभावी संचालन तथा महिला और बालिकाओं से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

