जन्माष्टमी पर अनूठी पहल, धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, राष्ट्रपति के नाम हस्ताक्षर अभियान

WhatsApp Channel Join Now
जन्माष्टमी पर अनूठी पहल, धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, राष्ट्रपति के नाम हस्ताक्षर अभियान


रायगढ़, 03 सितंबर (हि.स.)। कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों की नगरी रायगढ़ में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस वर्ष सेवा और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नवनिर्माण संकल्प समिति द्वारा शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितम्बर को गाँधी प्रतिमा के पास सुबह 10 बजे से श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों के लिए निशुल्क चाय वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।

रायगढ़ में जन्माष्टमी का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। प्रतिवर्ष शहर के समाजसेवी, दानदाता एवं विभिन्न सामाजिक संगठन रामनिवास टॉकीज, एसपी कार्यालय सहित शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर भंडारे, पेयजल एवं अन्य सेवा स्टॉल लगाकर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं। इस वर्ष भी अनेक स्थानों पर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।

इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नवनिर्माण संकल्प समिति ने अपने स्टॉल को सामाजिक और पर्यावरणीय जागरूकता का माध्यम बनाने का निर्णय लिया है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं को सुबह 10 बजे से निशुल्क चाय उपलब्ध कराने के साथ उनसे पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्रपति के नाम चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में सहभागी बनने की अपील की जाएगी।

समिति का यह प्रयास इसलिए भी विशेष है क्योंकि जन्माष्टमी जैसे धार्मिक एवं आस्था से जुड़े बड़े आयोजन में जहां हजारों की संख्या में लोग शहर में पहुंचते हैं, वहीं उसी अवसर को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश देने के लिए उपयोग किया जा रहा है।

समिति के अध्यक्ष शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामचंद्र शर्मा ने गुरुवार काे बताया कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह हस्ताक्षर अभियान पिछले कई महीनों से चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को पर्यावरण की रक्षा के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामचंद्र शर्मा ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश देने वाला पावन पर्व है। इस पवित्र अवसर पर यदि हम किसी जरूरतमंद की सेवा करने के साथ प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेते हैं, तो इससे बड़ी सामाजिक सेवा और क्या हो सकती है।

उन्होंने कहा कि “जन्माष्टमी पर एक कप चाय की सेवा के साथ यदि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए एक हस्ताक्षर करते हैं, तो यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सकारात्मक संदेश होगा। आइए, भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था के साथ प्रकृति के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और इस अभियान का हिस्सा बनें।”

रामचंद्र शर्मा ने सभी सामाजिक संगठनों, दानदाताओं, युवाओं, खिलाड़ियों, श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अपील की कि वे निशुल्क चाय सेवा का लाभ लेने के साथ पर्यावरण संरक्षण के हस्ताक्षर अभियान में सहभागी बनें और अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story