खरसिया में अनियंत्रित ट्रक मकान में घुसा, आग लगने से लाखों का नुकसान
रायगढ़, 13 सितंबर (हि.स.)। खरसिया नगर के रायगढ़ चौक रोड पर बीती आधी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायगढ़ से रायपुर की ओर जा रहा सरिया लदा तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक सीजी 04 ओके 4176) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए एक रिहायशी मकान में जा घुसा। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
हादसे के समय मकान में परिवार के सदस्य सो रहे थे। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और आग की लपटें उठती देख समय रहते घर से बाहर निकल आए। इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं, ट्रक में आग लगने के बाद चालक भी वाहन से कूदकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।
आग की चपेट में मकान के सामने संचालित दो दुकानें, एक मॉडिफाइड खौमचे का ठेला तथा वहां खड़ी तीन मोटरसाइकिलें आ गईं। ट्रक, दुकान का सामान, बाइक और मकान का एक हिस्सा जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इससे प्रभावित परिवार के सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।
हादसे में बिजली का खंभा टूट जाने से आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। रात से लेकर दिनभर लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। देर शाम तक भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी।
भीषण टक्कर, आग और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण रायगढ़ चौक रोड क्षेत्र में रातभर से दिनभर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि इस हादसे में जनहानि नहीं होने से बड़ी राहत रही, लेकिन संपत्ति और रोजगार से जुड़े नुकसान ने प्रभावित परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

