इंडस्ट्रियल एरिया में बड़े पैमाने पर होगा वृक्षारोपण, आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण
कोरबा, 4 सितंबर (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा को हरित शहर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर पालिक निगम द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण की योजना तैयार की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज शुक्रवार को खरमोरा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया।
आयुक्त पाण्डेय ने उद्योग संघ के पदाधिकारियों, सीएसआईडीसी तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ पूरे औद्योगिक क्षेत्र का सघन भ्रमण किया। उन्होंने वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधों का रोपण कर हरित क्षेत्र विकसित करने की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सघन वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 18 जुलाई को ‘रन फॉर ग्रीन मैराथन’ के आयोजन से हुई थी। नगर निगम द्वारा 18 जुलाई से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार वृक्षारोपण किया जा रहा है। अब तक करीब 5000 विभिन्न प्रजातियों के पौधों के साथ लगभग 5000 बोगनवेलिया के पौधे लगाए जा चुके हैं। इस प्रकार कुल करीब 10 हजार पौधों का रोपण किया गया है।
खरमोरा का इंडस्ट्रियल एरिया बड़े भू-भाग में फैला हुआ है, जहां बड़ी संख्या में पौधों का रोपण किया जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण से हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। आयुक्त ने पौधरोपण के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर योजना को जल्द अमल में लाने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान आयुक्त आशुतोष पाण्डेय वार्ड क्रमांक 19 पथर्रीपारा और डबरीपारा बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 4405 आवासों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनमें से 3937 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान की जा चुकी है। निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 1300 से अधिक आवास वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।
आयुक्त ने निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

