भूस्खलन: किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली दोनों प्रमुख ट्रेनें हुई रद्द

WhatsApp Channel Join Now
भूस्खलन: किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली दोनों प्रमुख ट्रेनें हुई रद्द


जगदलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफ़ान अर्नब से बस्तर एवं ओडिशा में हो रही भारी बारिश के कारण किरंदुल-कोतावालसा रेल लाइन जयपुर के आगे कोरापुट की तरफ 4 से 5 जगहों पर लैंडस्लाइड और रेल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे शुक्रवार को किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली दोनों प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई है।

कोरापुट-रायगड़ा लाइन में लैंडस्लाइड और सुरंग में रेलपथ पर पानी भरने की घटना हुई । बीती रात से केके रेल लाइन में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। भूस्खलन के चलते 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली दोनों प्रमुख ट्रेनें 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर एवं 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस रद्द कर दी गई हैं।

विदित हाे कि इससे पहले अक्टूबर 2014 में हुदहुद तूफान के असर से ओडिशा में हुई भारी बारिश से बस्तर को आंध्र प्रदेश से जोड़ने वाली इस रेल लाइन में जयपुर-कोरापुट रेल खंड में 29 जगहों पर लैंडस्लाइड और पटरी बहने की घटनाएं हुई थीं। उसके बाद यह दूसरा बड़ा नुकसान देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story