सूरजपुर : जमीन विवाद में प्राणघातक हमला, तीन और आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : जमीन विवाद में प्राणघातक हमला, तीन और आरोपित गिरफ्तार


बलरामपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। जमीन विवाद को लेकर मारपीट और प्राणघातक हमला करने के मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने तीन और आरोपितों को आज शनिवार काे गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडे भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम जूर निवासी हसीना बीबी ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोहम्मद आयुब के परिवार के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। 14 अप्रैल 2026 को हसीना बीबी अपने ससुर सफी अहमद और बहू सहेबा के साथ खेत में बने झाला में बैठी थीं। इसी दौरान आयुब अंसारी, उसके दोनों बेटे, भतीजा और पत्नी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।

विवाद की जानकारी मिलने पर हसीना बीबी के पति मो. यासीन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आयुब अंसारी, उसकी पत्नी, बेटे और भतीजे असलम अंसारी ने उनके साथ डंडे से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। यासीन के सिर में गंभीर चोट लगने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया।

हसीना बीबी की रिपोर्ट पर बसदेई पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत धारा 296(बी), 351(3), 115(2), 191(1), 191(2), 109 और 249 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने 05 अगस्त को आरोपित असलम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपित फरार थे।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने फरार आरोपितों की तलाश कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बसदेई पुलिस ने सूचना के आधार पर मोहम्मद आयुब अंसारी पिता स्वर्गीय अवैश करनी, उम्र 50 वर्ष, अख्तर रजा पिता मोहम्मद अयुब अंसारी, उम्र 27 वर्ष और उमर रजा पिता मोहम्मद अयुब अंसारी, उम्र 23 वर्ष, सभी निवासी ग्राम जूर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे एक महिला रिश्तेदार की मदद से अंबिकापुर, दंतेवाड़ा और भोपाल में छिपकर रह रहे थे। आरोपितों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडे जब्त किए गए। मामले में फरार एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेंद्र जायसवाल और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story