श्रमिक दिवस पर श्रम को सलाम: पार्षद सुमन मेश्राम ने मजदूरों का किया सम्मान
गमछा-श्रीफल भेंट कर बोलीं— “देश की नींव हैं श्रमिक, इनके बिना विकास अधूरा”धमतरी, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आज डाक बंगला वार्ड में श्रमिक सम्मान का भावनात्मक और प्रेरक दृश्य देखने को मिला। वार्ड की पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम ने अंबेडकर चौक पर निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों का गमछा और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनके श्रम को नमन करते हुए ‘श्रमेव जयते’ का संदेश दिया।इस दौरान पार्षद मेश्राम ने कहा कि मजदूर देश की असली ताकत हैं और उन्हीं के परिश्रम से विकास की नींव मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि “यह गमछा आपके पसीने का साथी है, और यही पसीना देश को सींचता है। आज जो ऊंची इमारतें, चौड़ी सड़कें और लंबे पुल दिखाई देते हैं, वे किसी चेहरे की पहचान नहीं, बल्कि मजदूरों की मेहनत का परिणाम हैं।”उन्होंने आगे कहा कि सुबह से लेकर तपती दोपहर तक कठिन परिस्थितियों में काम करने वाला मजदूर ही वास्तविक विकास का आधार है। “अफसर फाइलों में निर्णय लेते हैं, लेकिन जमीन पर बदलाव मजदूर ही लाता है। 43 डिग्री की भीषण गर्मी में भी जो हाथ रुकते नहीं, आज उन हाथों को सलाम करने का दिन है,” उन्होंने कहा। कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

