पुरानपानी में दर्दनाक सड़क हादसा, बॉक्साइट श्रमिक संघ के महामंत्री की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पुरानपानी में दर्दनाक सड़क हादसा, बॉक्साइट श्रमिक संघ के महामंत्री की मौत


पुरानपानी में दर्दनाक सड़क हादसा, बॉक्साइट श्रमिक संघ के महामंत्री की मौत


बलरामपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत पुरानपानी में शनिवार को हुए सड़क हादसे में बॉक्साइट श्रमिक संघ, सामरी के महामंत्री लक्ष्मण यादव की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही सामरी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। श्रमिक संगठन से जुड़े लोगों के साथ ही परिजन और परिचित भी घटना से स्तब्ध हैं।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण यादव कार क्रमांक सीजी 04 ओसी 8071 से जा रहे थे। इसी दौरान पुरानपानी क्षेत्र में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि लक्ष्मण यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस तथा परिजनों को दी।

लक्ष्मण यादव बॉक्साइट श्रमिक संघ, सामरी में महामंत्री के पद पर कार्यरत थे। वे श्रमिकों से जुड़े मुद्दों और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके अचानक निधन से श्रमिक संगठन को भी बड़ा झटका लगा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संगठन से जुड़े श्रमिकों, सहयोगियों और परिचितों ने गहरा दुख जताया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। कार किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

इधर, लक्ष्मण यादव की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने उनके निधन पर शोक जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story