कुसमी तहसील में सूचना पट्ट पर विवाद, नायब तहसीलदार के तबादले की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कुसमी तहसील में सूचना पट्ट पर विवाद, नायब तहसीलदार के तबादले की मांग


बलरामपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के कुसमी तहसील कार्यालय परिसर में लगे एक सूचना पट्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सूचना पट्ट पर भिक्षा और चंदा मांगने वालों के प्रवेश पर रोक संबंधी संदेश लिखा गया है। सकल हिंदू समाज कुसमी ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सकल हिंदू समाज ने बुधवार को कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा। समाज ने नायब तहसीलदार अनुग्रह केरकेट्टा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के साथ उनका कुसमी से दूसरी जगह तबादला करने की मांग की है।

समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि तहसील परिसर में लगाए गए सूचना पट्ट पर लिखा है, 'तहसील परिसर में भिक्षा एवं चंदा मांगने वालों का प्रवेश वर्जित है।' उन्होंने संदेश की भाषा और इसे लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे हिंदू समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

सकल हिंदू समाज ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए दो दिन का समय दिया है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर नगर बंद, चक्काजाम और तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा। समाज ने कहा है कि ऐसी स्थिति बनने पर इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधियों ने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने और समाज को इसकी जानकारी देने की मांग की है। इस दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों, मंदिर समितियों के पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story