कुसमी के तीन ग्राम पंचायतों के 150 किसानों ने सीखी प्राकृतिक खेती की तकनीक, लागत घटाने और मिट्टी की सेहत सुधारने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
कुसमी के तीन ग्राम पंचायतों के 150 किसानों ने सीखी प्राकृतिक खेती की तकनीक, लागत घटाने और मिट्टी की सेहत सुधारने पर जोर


बलरामपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर खेती की लागत घटाने के उद्देश्य से आज रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र बलरामपुर ने कुसमी विकासखंड की तीन ग्राम पंचायतों में प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया। श्रीकोट, सुर्बेना और कोरंधा में आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में करीब 150 किसानों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को स्थानीय संसाधनों से जैविक आदान तैयार करने और खेती में उनका उपयोग करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. इंद्रपाल सिंह पैकरा ने प्राकृतिक खेती की अवधारणा, महत्व और उसके मूल सिद्धांतों के बारे में बताया। उन्होंने किसानों को गोबर, गोमूत्र और स्थानीय वनस्पतियों की मदद से बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र तैयार करने की विधि समझाई। साथ ही इनका फसलों में उपयोग करने की व्यावहारिक जानकारी भी दी।

डॉ. पैकरा ने खेतों में आच्छादन यानी मल्चिंग, वाफसा और फसल विविधीकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर बाहरी आदानों पर निर्भरता कम की जा सकती है। इससे खेती की लागत घटाने के साथ मिट्टी की उर्वरता और उसकी सेहत बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को इन तकनीकों को धीरे-धीरे अपने खेतों में अपनाने और आत्मनिर्भर खेती की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं और सवाल विशेषज्ञों के सामने रखे। कृषि वैज्ञानिक ने उनके सवालों का जवाब देते हुए प्राकृतिक खेती की तकनीकों के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने भी किसानों को इन तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

यह प्रशिक्षण इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के निदेशक विस्तार सेवाएं के निर्देश पर कृषि विज्ञान केंद्र बलरामपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख के मार्गदर्शन में कृषि विभाग कुसमी के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति के सदस्य हुमंत सिंह उपस्थित रहे। जनपद सदस्य मांगिया उरांव, सुर्बेना की सरपंच सुगंती बाई, खजुरी की सरपंच कविता बाई, श्रीकोट के सरपंच धर्मेन्द्र कुमार तथा कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story