कुरुद को जल्द मिलेगा नगर पालिका का दर्जा

WhatsApp Channel Join Now
कुरुद को जल्द मिलेगा नगर पालिका का दर्जा


धमतरी, 5 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिले के कुरुद ब्लाक को जल्द ही पालिका का दर्जा मिलेगा। छत्तीसगढ़ के उन्नतिशील नगर कुरुद के लिए यह क्षण गौरवपूर्ण है क्योंकि अब नगर पंचायत को नगरपालिका का दर्जा मिलने की औपचारिक प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यह उपलब्धि क्षेत्र के विधायक अजय चंद्राकर के नेतृत्व में संभव हो पाई है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर द्वारा नगर परिषद की पहली बैठक में पालिका निर्माण के लिए संकल्प प्रस्ताव लाया गया। प्रस्ताव को सदन के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। तत्पश्चात विधायक अजय चंद्राकर द्वारा शासन को अनुशंसा भेजी गई, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संवेदनशीलता के साथ स्वीकार करते हुए पालिका निर्माण की प्रक्रिया को तीव्र गति प्रदान की। अब यह प्रस्ताव शासन-प्रशासन स्तर पर औपचारिक स्वीकृति की दहलीज पर है और बहुत शीघ्र ही अधिसूचना जारी कर कुरुद को नगरपालिका का दर्जा प्राप्त हो जाएगा।

इस उपलब्धि के पश्चात नगरवासियों के साथ एक आभार सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विधायक और विभागीय मंत्री का सम्मान कर नगर की भावनाओं को अभिव्यक्त किया जाएगा। इस संबंध में रायपुर स्थित विधायक निवास कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर एवं विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर ने अजय चंद्राकर से भेंट कर उन्हें गुलदस्ता भेंट करते हुए समस्त नगरवासियों की ओर से आभार प्रकट किया। साथ ही प्रक्रिया को तत्परता से आगे बढ़ाने हेतु धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया। इधर कुरुद नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा मिलने से नगर में शासन की योजनाओं व संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा, जिससे सड़क, स्वच्छता, जलापूर्ति, रोजगार व शहरी विकास की दिशा में प्रगति होगी। विकास कार्यों के लिए शासन से अधिक फंड मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story