उत्सव के रूप में मनेगी कृष्ण जन्माष्टमी

WhatsApp Channel Join Now
उत्सव के रूप में मनेगी कृष्ण जन्माष्टमी


धमतरी, 03 सितंबर (हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। पर्व को लेकर शहर के प्रमुख कृष्ण मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई है। पर्व को लेकर मंदिरों का रंग-रोगन के साथ आकर्षक सजावट की गई है।

इस वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी पर्व आज चार सितंबर को मनाया जाएगा। शहर के प्राचीन बांके बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव को भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। बांके बिहारी मंदिर समिति अध्यक्ष डा. एनपी गुप्ता एवं वरिष्ठ न्यासी सुदर्शन प्रसाद गुप्ता ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व का विधिवत शुभारंभ गुरुवार शाम से हो गया है। बांके बिहारी के तुलसी एवं पुष्प से विशेष अभिषेक किया गया। चार सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान बांके बिहारी की विशेष पूजा-अर्चना, दर्शन, महाआरती, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा मंगल आरती कर विश्व कल्याण की कामना की जाएगी।

रात में मटकी फोड़ कार्यक्रम एवं मंगल आरती के साथ भगवान बांके बिहारी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर आज से विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पर्व को लेकर मंदिर का रंग-रोगन एवं सजावट की गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए न्यासी विनीत गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, संतोष सोनी, दीपक गुप्ता, अनिल गुप्ता सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं। शहर के लालबगीचा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, रामसागर पारा के कृष्ण मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी जन्माष्टमी उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वहीं जन्माष्टमी पर्व के दौरान मटकी फोड़ स्पर्धा को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है। श्रीराम हिंदू संगठन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में घड़ी चौक में दही हांडी उत्सव के तहत भव्य मटका फोड़ स्पर्धा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा सोरिद, जालमपुर, बनियापारा सहित अन्य वार्डों में भी वार्ड स्तर पर मटका फोड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर में धार्मिक आस्था के साथ उत्सवी माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story