रायगढ़ में श्री श्याम मंडल द्वारा भव्य श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ में श्री श्याम मंडल द्वारा भव्य श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी शुरू


रायगढ़ में श्री श्याम मंडल द्वारा भव्य श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी शुरू


रायगढ़, 29 अगस्त (हि.स.)। रायगढ़ में श्री श्याम मंडल द्वारा भव्य तरीके से श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाए जाने की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। इस साल श्री कृष्ण का जन्मोत्सव 4 अगस्त को मनाया जायेगा। इस अवसर पर हर साल की तरह भी श्री श्याम बगीची में पांच दिवसीय मनमोहक और आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जायेगा। इसके लिए भव्य पंडाल बनाने के साथ ही झांकियों को आकार देने का काम शुरू कर दिया गया है। इस बार दर्शनार्थियों को यहां मिशन सिन्दूर की झलक भी झांकियों में देखने को मिलेगी।

समिति के सदस्याें ने बताया कि कला और संस्कृति की नगरी रायगढ़ में श्री श्याम मंडल द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला की विशिष्ट ख्याति है। पूरे पांच दिनों तक यहां भव्यता के साथ श्याम बगीची परिसर में झूला उत्सव हर साल मनाया जाता है। इस बार भी श्री श्याम मंडल आगामी 2 से 6 सितंबर तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी तैयारी श्याम बगीची परिसर में प्रारंभ कर दी गई है। श्याम बगीची परिसर में भव्य वाटरप्रूफ पंडाल बनाए जा रहे हैं जहां सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी से अपडेट किया जाएगा ताकि दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। यहां पांच दिनों तक मनभावन झांकियों की प्रदर्शनी लगाई जायेगी। श्री श्याम मंडल के जन्माष्टमी झूला उत्सव का शुभारंभ 2 सितंबर को किया जायेगा और 4 अगस्त को श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जायेगा। इस साल श्री श्याम मंडल द्वारा झांकियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

चूंकि जन्माष्टमी पर्व को अब चंद रोज ही शेष रह गये हैं लिहाजा श्याम बगीची में पंडाल निर्माण के साथ ही झांकियां लगाने का काम तेजी के साथ किया जा रहा है। इसके लिए बाहर से अनुुभवी और कुशल कारीगरों की टीम को बुलाया गया है। लिहाजा श्री श्याम मंडल के झूला उत्सव में इस साल भी दर्शनार्थियों को बहुत कुछ नया देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story