बलरामपुर : कम बारिश के बीच किसानों तक पहुंचा कृषक सूचना रथ, मौसम के अनुसार खेती की दी जा रही सलाह

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।बलरामपुर जिले में कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए किसानों को मौसम आधारित खेती के लिए आज मंगलवार कृषि विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर हाट-बाजारों और गांवों में कृषक सूचना रथ के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक खेती, फसल विविधीकरण और शासन की कृषि योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के तहत चांदो, राजपुर, चलगली और रघुनाथनगर तहसील के प्रमुख हाट-बाजारों में कृषक सूचना रथ पहुंच रहा है। वहीं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को मौजूदा मौसम के अनुसार खेती करने के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं।

कृषि विशेषज्ञ किसानों को भूमि की प्रकृति, मिट्टी की स्थिति और उपलब्ध नमी के आधार पर उपयुक्त फसलों का चयन करने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही कम पानी में अच्छी पैदावार देने वाली फसलों और जल संरक्षण आधारित कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसानों को धान के बजाय दलहन और तिलहन जैसी कम पानी वाली फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी भी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में फसल बीमा किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है और कृषि जोखिम को कम करने में मदद करता है।

कृषकों को कृषक उन्नति योजना के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। योजना के तहत यदि किसान पिछले वर्ष धान की खेती करने के बाद इस वर्ष दलहन या तिलहन की खेती करता है और एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराता है, तो उसे प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

कृषि विभाग के इस अभियान में बड़ी संख्या में किसान हाट-बाजारों और गांवों में पहुंचकर मौसम आधारित खेती, वैकल्पिक फसलों और शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story