नशे के बढ़ते कारोबार सहित विभिन्न मुद्दों पर क्रांति सेना का कलेक्ट्रेट घेराव

WhatsApp Channel Join Now
नशे के बढ़ते कारोबार सहित विभिन्न मुद्दों पर क्रांति सेना का कलेक्ट्रेट घेराव


नशे के बढ़ते कारोबार सहित विभिन्न मुद्दों पर क्रांति सेना का कलेक्ट्रेट घेराव


धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नशे के बढ़ते कारोबार, अवैध उत्खनन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर गुरुवार को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने कलेक्ट्रेट घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की टीम ने बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोका। उसके बाद आक्रोशित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के निखलेश दीवान ने बताया कि, क्रांति सेना की टीम लगातार जिले के विभिन्न गांवों में जाकर जनता की समस्याएं सुन रही है। टीम द्वारा किए गए सर्वे और निरीक्षण में सामने आया कि सबसे गंभीर समस्या युवाओं में नशे का बढ़ता प्रभाव है। दिनोदिन नशे का व्यापार बढ़ता जा रहा है। कई बार बाहरी लोग भी इसे अपने कमाई का साधन बनाकर अवैध कारोबार में संलिप्त हो रहे हैं। इसके साथ ही सड़क, कृषि महाविद्यालय, मेडिकल कालेज, पालिटेक्निक कालेज को अपग्रेड कर सीजी आईटी करने की मांग, भटगांव के शराब दुकान को हटाने सहित जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट आए हैं। इस दौरान क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी को ज्ञापन सौंप कर समस्याओं को दूर करने का आग्रह किया। प्रदर्शन के दौरान डोमेश्वर साहू, प्रेमु राम सिन्हा, रोशन लाल साहू सहित बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story