कोटवार संघ ने धरना-प्रदर्शन कर चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
कोटवार संघ ने धरना-प्रदर्शन कर चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन


जगदलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़, जिला बस्तर के तत्वावधान में प्रांतीय कोटवार संघ के आह्वान पर जगदलपुर के पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण में आज शुक्रवार काे एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कोटवारों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठाई और बस्तर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की।

संघ का कहना है कि इससे पहले 03 जुलाई 2026 को प्रदेश की सभी तहसीलों में धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के चलते आंदोलन के दूसरे चरण में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। कोटवार संघ ने कोटवारों को नियमित कर राजस्व विभाग में संविलियन करने, महंगाई के अनुरूप मासिक पारिश्रमिक बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने, कोटवार पद पर वंशानुगत नियुक्ति की व्यवस्था बहाल करने तथा नगर पालिका निगम क्षेत्र में नियुक्ति पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग की है।

संघ ने शासन से चारों मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। संघ के अनुसार, इन मांगों के पूरा होने से प्रदेश के लगभग 16 हजार कोटवार परिवारों को राहत मिल सकती है।धरना-प्रदर्शन के दौरान कोटवार एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कोटवार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story