अम्बिकापुर : वाहन की टक्कर से कोटरा हुआ घायल, बाइक से वन विभाग कार्यालय लेकर गए राहगीर

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : वाहन की टक्कर से कोटरा हुआ घायल, बाइक से वन विभाग कार्यालय लेकर गए राहगीर


अम्बिकापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र अंतर्गत आमगांव मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से कोटरा (हिरण प्रजाति का वन्यजीव) गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर असहाय स्थिति में पड़े इस वन्यजीव पर जैसे ही वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर पड़ी, उन्होंने तुरंत संवेदनशीलता और मानवता का परिचय दिया। राहगीर घायल कोटरा को अपनी मोटरसाइकिल पर संभालकर तत्काल कमलेश्वरपुर स्थित वन विभाग के कार्यालय ले गए।

वाहन की सीधी टक्कर लगने के कारण कोटरा की कमर में गंभीर चोट आई थी, जिससे वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ था। वन्यजीव के कार्यालय पहुंचते ही वन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने के कारण कोटरा की जान बच गई है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।

डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार लगातार जारी है और वन अमला उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग का कहना है कि कोटरा के पूरी तरह स्वस्थ और चलने-फिरने लायक होने के बाद उसे दोबारा सुरक्षित प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story