दिल्ली में छाया कोरबा के जैविक उत्पादों का जलवा, सुगंधित चावल और स्थानीय काजू की बढ़ी मांग

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में छाया कोरबा के जैविक उत्पादों का जलवा, सुगंधित चावल और स्थानीय काजू की बढ़ी मांग


भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कृषि उत्पादों को मिल रही सराहना, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने दिखाई रुचि

कोरबा, 22 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के खेतों में पैदा होने वाले पारंपरिक सुगंधित चावल और जैविक कृषि उत्पादों की खुशबू अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपनी पहचान बना रही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 13 से 27 नवंबर तक आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ-2026) में कोरबा और दंतेवाड़ा जिले के किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओस) के उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत दोनों जिलों के एफपीओ को अपने पारंपरिक, जैविक एवं विशिष्ट कृषि उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए विशेष स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं।

मेले में कोरबा जिले के महामाया फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) का स्टॉल विशेष आकर्षण बना हुआ है। यहां सुगंधित चावल, ब्लैक राइस, चीनी शक्कर चावल, रामजीरा चावल, स्थानीय काजू और अन्य पारंपरिक कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इनकी प्राकृतिक सुगंध, विशिष्ट गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग से दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे खरीदार और आगंतुक प्रभावित हो रहे हैं। कई लोग उत्पादों की खरीदारी के साथ उनकी पौष्टिकता, उत्पादन प्रक्रिया और जैविक खेती की विशेषताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में ईरान, अफगानिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और कारोबारियों की भागीदारी ने छत्तीसगढ़ के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ाई हैं। यह मंच किसानों और एफपीओ को सीधे उपभोक्ताओं, व्यापारियों तथा संभावित खरीदारों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, मूल्य संवर्धन और विपणन को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।

मेले में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संजय पटेल, महामाया एफपीओ के संचालक इतवारी प्रसाद बंजारे तथा प्रगतिशील जैविक किसान विजय सिंह कंवर कर रहे हैं। वहीं, दंतेवाड़ा जिले की ओर से सहायक संचालक कृषि भोला लाल पैंकरा भागीदारी कर रहे हैं और जिले के कृषि उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं।

इस आयोजन को सफल बनाने में कृषि विभाग के उप संचालक कृषि (डीडीए) आशुतोष श्रीवास्तव तथा सहायक संचालक कृषि (एडीए) डीपीएस कंवर का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा है। दोनों अधिकारियों के प्रयासों से कोरबा जिले के किसान उत्पादक संगठन को राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच पर अपने पारंपरिक, सुगंधित एवं जैविक कृषि उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। उनके मार्गदर्शन से किसानों को उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, विपणन और व्यापक बाजार से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिला।

आईआईटीएफ-2026 में कोरबा और दंतेवाड़ा के कृषि उत्पादों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से किसानों में उत्साह है। इस पहल से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल, स्थानीय काजू और जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी विशिष्ट पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781553 Articles

Share this story