कोरबा में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना से बदली मोहम्मद यासिन की राह, आटा चक्की से हर माह 20-25 हजार की आय

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना से बदली मोहम्मद यासिन की राह, आटा चक्की से हर माह 20-25 हजार की आय


कोरबा, 26 सितंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से जुड़कर कोरबा के वार्ड नंबर 16, बजरंग चौक निवासी मोहम्मद यासिन शेख ने स्वरोजगार की राह अपनाई है। योजना के तहत बैंक ऑफ इंडिया से 2.90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होने और 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिलने के बाद उन्होंने आटा चक्की एवं हॉलर मिल का व्यवसाय शुरू किया। अब इस व्यवसाय से उन्हें हर महीने करीब 20 से 25 हजार रुपये की आय हो रही है।

व्यवसाय शुरू करने से पहले यासिन के परिवार के पास आय का कोई निश्चित साधन नहीं था। वे अपना छोटा व्यवसाय शुरू करना चाहते थे, लेकिन पूंजी की कमी के कारण ऐसा नहीं कर पा रहे थे। बैंक ऋण और ब्याज की चिंता के चलते भी वे आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की जानकारी मिली। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से योजना की जानकारी लेकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया।

योजना के तहत उन्हें आटा चक्की एवं हॉलर मिल व्यवसाय के लिए 2.90 लाख रुपये का ऋण मिला।

35 प्रतिशत सब्सिडी से उन्हें एक लाख रुपये से अधिक की राहत मिली। शेष राशि का भुगतान वे बैंक की किश्तों के माध्यम से कर रहे हैं।

व्यवसाय शुरू होने के बाद आसपास के मोहल्लों के लोग धान, गेहूं और अन्य खाद्यान्न पिसाने के लिए उनकी आटा चक्की पर पहुंच रहे हैं। नियमित ग्राहकों के कारण कारोबार में निरंतरता बनी हुई है। यासिन का कहना है कि योजना से मिले सहयोग ने उनके परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।

यासिन ने शासकीय योजना के माध्यम से स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story