भारत मंडपम में छाई कोरबा के सुगंधित चावल की खुशबू, IITF-2026 में स्थानीय उत्पादों को मिल रहा देशभर के ग्राहकों का प्यार

WhatsApp Channel Join Now
भारत मंडपम में छाई कोरबा के सुगंधित चावल की खुशबू, IITF-2026 में स्थानीय उत्पादों को मिल रहा देशभर के ग्राहकों का प्यार


-आईआईटीएफ-2026 में स्थानीय उत्पादों को मिल रहा देशभर के ग्राहकों का प्यार

कोरबा, 20 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सुगंधित चावल की खुशबू अब देश की राजधानी नई दिल्ली तक पहुंच रही है। भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ-2026) में कोरबा और दंतेवाड़ा के कृषक उत्पादक संगठनों के स्थानीय एवं जैविक कृषि उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 13 से 27 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को देशभर के ग्राहकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के अंतर्गत कोरबा जिले के महामाया एफपीओ को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए स्टॉल उपलब्ध कराया गया है। यहां सुगंधित चावल, ब्लैक राइस, काजू, चीनी शक्कर चावल, रामजीरा चावल सहित विभिन्न स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। खासतौर पर सुगंधित धान से तैयार चावल की खुशबू, गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग आगंतुकों को आकर्षित कर रही है।

मेले में पहुंच रहे लोग उत्पादों की विशेषताओं, उत्पादन प्रक्रिया और जैविक खेती में अपनाई जाने वाली पद्धतियों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। इससे स्थानीय कृषि उत्पादों को नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के कृषक उत्पादक संगठन अपने क्षेत्र के विशिष्ट उत्पादों के साथ शामिल हुए हैं। वहीं ईरान, अफगानिस्तान और थाईलैंड सहित कई देशों के उत्पादों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने मेले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी है। ऐसे बड़े मंच पर कोरबा और दंतेवाड़ा के एफपीओ छत्तीसगढ़ की कृषि विविधता और स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता को प्रदर्शित कर रहे हैं।

भारत सरकार की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय एवं जैविक कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग, बेहतर पैकेजिंग और विपणन को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जा सके। इस तरह के आयोजनों से किसानों को सीधे उपभोक्ताओं तक अपने उत्पाद पहुंचाने, बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने और आय बढ़ाने के नए अवसर मिलते हैं।

कोरबा जिले की ओर से ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संजय पटेल, महामाया एफपीओ के संचालक इतवारी प्रसाद बंजारे और जैविक खेती करने वाले प्रगतिशील किसान विजय सिंह कंवर मेले में सहभागिता कर रहे हैं। वहीं दंतेवाड़ा जिले से सहायक संचालक कृषि भोला लाल पैंकरा भी उपस्थित हैं।

आईआईटीएफ-2026 में कोरबा और दंतेवाड़ा के कृषि उत्पादों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से स्थानीय किसानों और एफपीओ को नए बाजारों से जुड़ने की उम्मीद बढ़ी है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल और अन्य पारंपरिक कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story