लखनऊ के वंदे मातरम् कैंप में कोरबा के युवाओं ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, राज्यपाल को भेंट की वर्ली आर्ट पेंटिंग

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ के वंदे मातरम् कैंप में कोरबा के युवाओं ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, राज्यपाल को भेंट की वर्ली आर्ट पेंटिंग


कोरबा की अदिति और नरेंद्र ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से किया संवाद, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार

कोरबा, 28 नवंबर (हि. स.)। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित वंदे मातरम् कैंप में कोरबा जिले के युवाओं ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 25 नवंबर से एक दिसंबर 2026 तक आयोजित सात दिवसीय वंदे मातरम् कैंप में कोरबा के अदिति और नरेंद्र हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान दोनों युवाओं को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और पर्यटन मंत्री से संवाद करने का अवसर मिला।

मेरा युवा भारत, लखनऊ द्वारा आयोजित इस कैंप में कोरबा की अदिति और नरेंद्र ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से मुलाकात के दौरान युवा सशक्तिकरण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर दोनों प्रतिभागियों ने राज्यपाल को वर्ली आर्ट पेंटिंग भेंट की और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराया।

कैंप के दौरान युवाओं ने उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री से भी संवाद किया। इस चर्चा में पर्यटन स्थलों की विशेषताओं, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इस संवाद से प्रतिभागियों को पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर के महत्व को समझने का अवसर मिला।

मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित वंदे मातरम् कैंप का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना को बढ़ावा देना है। सात दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति और अनुभवों को जानने तथा अपनी स्थानीय परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

राष्ट्रीयस्तर के इस आयोजन में कोरबा के अदिति और नरेंद्र की सहभागिता जिले के लिए गौरव की बात है। दोनों युवा अपनी सांस्कृतिक अभिरुचि और प्रतिभा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय मंच पर मजबूत कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story