कोरबा में 28 से 30 सितंबर तक लगेंगे सेवा सेतु कैंप, राशनकार्ड और खाद्यान्न वितरण की मिलेगी जानकारी
कोरबा, 26 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा जिले में 28 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय और विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से नागरिकों को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
कैंप में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशनकार्ड, राशनकार्ड की पात्रता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी नागरिकों को जानकारी दी जाएगी।
सेवा सेतु कैंप में उचित मूल्य दुकान संचालकों के माध्यम से राशनकार्ड में दर्ज सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग का कार्य कराया जाएगा। खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री के सैंपल भी प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे हितग्राही वितरित की जाने वाली सामग्री की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। विभागीय योजनाओं और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित पोस्टर एवं वीडियो क्लिप के जरिए भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए उपलब्ध माध्यमों की जानकारी भी कैंप में दी जाएगी। राशनकार्ड से संबंधित समस्या के समाधान के लिए मोबाइल नंबर 9425201983 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा भारत सरकार के ‘अन्न सहायता’ पोर्टल और विभागीय कॉल सेंटर 1800-233-3663 सहित अन्य शिकायत निराकरण व्यवस्थाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी जाएगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को सेवा सेतु कैंपों का आयोजन सुनिश्चित करने और उचित मूल्य दुकानों पर वितरित खाद्यान्न सामग्री के सैंपल प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए हैं। नागरिक निर्धारित तिथियों में अपने क्षेत्र के सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर राशनकार्ड, खाद्यान्न वितरण और विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

