काेरबा : एसईसीएल के नवपदस्थ डीटी अरुण कुमार त्यागी की सड़क हादसे में मौत

WhatsApp Channel Join Now
काेरबा : एसईसीएल के नवपदस्थ डीटी अरुण कुमार त्यागी की सड़क हादसे में मौत


काेरबा : एसईसीएल के नवपदस्थ डीटी अरुण कुमार त्यागी की सड़क हादसे में मौत


कोरबा / रायपुर 08 मई (हि.स.)। एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का गुरुवार देर रात सड़क हादसे में निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार अरुण कुमार त्यागी अपनी नई पदस्थापना जॉइन करने के लिए सिंगरौली रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि वे गुरुवार रात करीब 12 बजे अपनी इनोवा कार से गेवरा से निकले थे। इसी दौरान कोरबा-चोटिया मार्ग पर चोटिया के पास उनकी कार की एक पार्सल वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों एवं राहगीरों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके शुभचिंतक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। अरुण कुमार त्यागी के निधन की खबर फैलते ही गेवरा समेत पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

अरुण कुमार त्यागी को एक कुशल प्रशासक, सरल स्वभाव एवं सौम्य व्यक्तित्व वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके नेतृत्व में गेवरा एरिया में कई महत्वपूर्ण कार्य संपादित किए गए थे। उनके निधन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर गेवरा महाप्रबंधक संजय मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story