कोरबा रथयात्रा 2026: महापौर संजूदेवी राजपूत ने दादरखुर्द ग्राम विकास समिति को दिए 3 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा रथयात्रा 2026: महापौर संजूदेवी राजपूत ने दादरखुर्द ग्राम विकास समिति को दिए 3 लाख रुपये


कोरबा, 15 जुलाई (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दादरखुर्द में आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा के सफल आयोजन के लिए ग्राम विकास समिति को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। महापौर ने निगम मुख्यालय साकेत स्थित अपने कक्ष में समिति के पदाधिकारियों को आरटीजीएस के माध्यम से जारी की गई सहयोग राशि की प्रति सौंपते हुए रथयात्रा के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस धार्मिक आयोजन में नगर निगम की सहभागिता हमेशा से रही है और आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों को आयोजन के लिए बधाई देते हुए सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की।

दादरखुर्द बस्ती में प्रतिवर्ष भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें कोरबा शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस वर्ष 16 जुलाई 2026 को रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

नगर निगम कोरबा द्वारा इस धार्मिक आयोजन के लिए हर वर्ष आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है। पहले समिति को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, लेकिन महापौर संजूदेवी राजपूत की पहल पर नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल और सामान्य सभा की स्वीकृति के बाद इस राशि को बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे आयोजन को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

सहयोग राशि सौंपने के दौरान दादरखुर्द ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष कृष्णकुमार द्विवेदी सहित आरिफ खान, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, संतोष थवाईत, नरेशराम पटेल, सबितराम पटेल, रामनाथ पटेल, शत्रुहन पटेल, राजकुमार पटेल, सूरज पटेल, नागेश्वर चंद्रा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हर वर्ष की तरह इस बार भी दादरखुर्द की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति व्यापक तैयारियों में जुटी हुई है। नगर निगम की ओर से मिली अतिरिक्त आर्थिक सहायता से रथयात्रा के आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story