कोरबा में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का कटा हुआ शव, आत्महत्या की आशंका
कोरबा, 21 अप्रैल (हि. स.)। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत टीपी नगर फाटक के पास मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक युवक का कटा हुआ शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही फाटक पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस और रेलवे आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, टीपी नगर फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर सुबह तड़के यह शव देखा गया। फाटक पर तैनात गेटमैन महावीर ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी राहगीरों से मिली, जिसके बाद उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। मृतक युवक ने पेंट-शर्ट पहन रखी थी और उसके पास से घर की चाबी भी बरामद हुई है। युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने चलती मालगाड़ी के सामने कूदकर अपनी जान दे दी, जिससे उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। शव की स्थिति को देखते हुए उसका सिर और हाथ कटे हुए पाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो साझा किए जा रहे हैं, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

