कोरबा निगम के सफाई कार्यों को मिली समय वृद्धि, नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा निगम के सफाई कार्यों को मिली समय वृद्धि, नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी व्यवस्था


-नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी व्यवस्था

कोरबा, 20 नवंबर (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) ने वर्तमान सफाई कार्यों को समय वृद्धि प्रदान की है। इसके तहत 21 नवंबर 2026 को समाप्त हो रही सफाई कार्यों की अवधि को नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इन कार्यों को पूर्व में स्वीकृत दरों पर ही जारी रखने की सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में शुक्रवार को निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था और निगम से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि निगम में जारी सफाई कार्यों की अवधि 21 नवंबर को समाप्त हो रही है। नई निविदा प्रक्रिया पूरी करने में समय लगने की संभावना को देखते हुए सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए समय वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया था। एमआईसी सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक पूर्व स्वीकृत दरों पर ही सफाई कार्य जारी रखने की अनुमति प्रदान की।

बैठक में निगम के दो उप अभियंताओं पीयूष सिंह राजपूत और आकाश अग्रवाल की सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति को भी स्वीकृति दी गई। आयुक्त द्वारा पदोन्नति समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई पदोन्नति की पुष्टि के लिए प्रस्ताव शासन को अग्रेषित करने का निर्णय लिया गया।

निगम के खिलाफ अफवाहों पर एमआईसी ने जताई चिंता

बैठक के दौरान मेयर इन काउंसिल के सदस्यों ने नगर निगम के विरुद्ध समय-समय पर फैलने वाली अफवाहों पर चिंता व्यक्त की। सदस्यों ने कहा कि निगम का प्रयास है कि शहर के विकास कार्य निर्बाध रूप से संचालित हों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें। इसके लिए निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एमआईसी का निगम को पूर्ण सहयोग और समर्थन है।

बैठक में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, सरोज शांडिल्य, अजय कुमार चंद्रा, किशन कैवर्त्य, अजय गोंड़, प्रेमकुमार साहू, धनकुमारी गर्ग, ममता यादव, भानुमति जायसवाल एवं चंद्रकली जायसवाल सहित अपर आयुक्त पवन वर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर और सहायक राजस्व अधिकारी सचिन तिवारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story