नगर निगम कोरबा का बजट भारी बहुमत से पारित, 8 प्रस्तावों को मिली मंजूरी
कोरबा, 25 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा की साधारण सभा में आज बुधवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट और वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को भारी बहुमत से पारित कर दिया गया। बजट पर सदन में विस्तृत चर्चा के बाद केवल 4 सदस्यों ने विरोध में हाथ उठाया, जबकि बहुमत ने बजट के पक्ष में समर्थन दिया।
बैठक का आयोजन निगम के पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार में किया गया, जिसकी अध्यक्षता सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने की। इस दौरान महापौर संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पार्षदों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर सदन के समक्ष प्रस्तुत किए गए। नगर निगम के इतिहास में पहली बार 30 मिनट का ध्यानाकर्षण समय भी निर्धारित किया गया, जिसमें 5 पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों पर सदन का ध्यान आकर्षित किया और उन पर चर्चा की गई।
साधारण सभा में बजट सहित कुल 3 प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए, जबकि 5 प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत हुए। वहीं बुधवारी बाजार पुनर्विकास परियोजना से संबंधित एक प्रस्ताव को फिलहाल होल्ड पर रखा गया।
सर्वसम्मति से पारित प्रस्तावों में सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत पेंशन योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना और मुख्यमंत्री पेंशन योजना की स्वीकृति की पुष्टि शामिल है। इसके अलावा स्व. केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के आयोजन हेतु आर्थिक सहयोग तथा नगरीय क्षेत्रों में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
वहीं बहुमत से पारित प्रस्तावों में पीपीपी मॉडल के तहत मुड़ापार तालाब के डिजाइन, विकास और प्रबंधन के लिए रियायतग्राही के चयन का प्रस्ताव तथा डीबीओटी मॉडल पर 15 वर्षों के लिए एटीएम, दैनिक उपयोग की दुकानों और वातानुकूलित बस क्यू शेल्टर निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शामिल रहे।
अंत में महापौर संजूदेवी राजपूत ने सदन के समक्ष बजट प्रस्तुत करते हुए अपने अभिभाषण में नगर विकास के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। चर्चा के उपरांत नगर निगम कोरबा का बजट भारी बहुमत से पारित कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

