गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर बढ़ता कोरबा, पार्षदों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से रचेगा इतिहास
कोरबा, 04 फरवरी (हि. स.)। ऊर्जाधानी कोरबा को गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दिलाने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में निगम के सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड के नागरिकों के साथ सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। इसी कड़ी में आज बुधवार को महापौर संजू देवी राजपूत ने सभापति नूतन सिंह ठाकुर और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में निगम पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया।
बैठक में उपस्थित पार्षदों ने आयोजन का स्वागत करते हुए कोरबा को गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दिलाने के लिए पूर्ण सहभागिता और प्रतिबद्धता व्यक्त की। महापौर ने कहा कि यह पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है और यह आयोजन कोरबा को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीयस्तर पर पहचान दिलाएगा।
महासंकल्प 2026 के बैनर तले नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 6 फरवरी को घंटाघर से रविशंकर शुक्ल नगर मुख्य मार्ग पर प्रातः 10 बजे से वृहद आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में स्वच्छता शपथ पर एक ही बैनर में एक घंटे की समयसीमा के भीतर 10 हजार से अधिक हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पूर्व का रिकॉर्ड तोड़कर कोरबा के नाम नया गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो सके।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा और यहां के नागरिक हर कठिन लक्ष्य को हासिल करने में सक्षम हैं। उन्होंने सभी पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपनी टीम, सहयोगियों और वार्डवासियों के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचकर स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर करें और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। उन्होंने विश्वास जताया कि 6 फरवरी का दिन कोरबा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि महासंकल्प 2026 के पहले आयोजन के रूप में यह एक बड़ा लक्ष्य तय किया गया है, जिसे जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों की संकल्प शक्ति से निश्चित रूप से हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े कार्य की शुरुआत एक विचार से होती है, जो सामूहिक प्रयास से चमत्कार बन जाती है और वही चमत्कार वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में दर्ज होता है।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि नगर निगम कोरबा का यह प्रयास सराहनीय है और सभी को पूरी ताकत के साथ इसमें भाग लेना चाहिए, ताकि ऐसा रिकॉर्ड बने जिसे तोड़ना आसान न हो।
आयोजन को सफल बनाने के लिए 280 मीटर लंबा बैनर लगाया जाएगा, जिसे व्यवस्थाओं की दृष्टि से 14 जोन और 70 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में जोनल और सेक्टर अधिकारियों की तैनाती रहेगी, जो समन्वयकों और वालंटियर्स के माध्यम से व्यवस्था संभालेंगे।
इन 70 सेक्टरों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया, विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता दीदी, सफाईमित्र, निगम अधिकारी-कर्मचारी और महिला स्व-सहायता समूहों के लिए अलग-अलग सेक्टर निर्धारित किए गए हैं, ताकि सुव्यवस्थित तरीके से अधिकतम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, मुकेश राठौर, अजय गोंड़, ममता यादव, धनकुमारी गर्ग, भानुमति जायसवाल, लक्ष्मण श्रीवास, सत्येन्द्र दुबे, युगल कैवर्त्य, पंकज देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, रामकुमार साहू, रूबी देवी सागर सहित अन्य पार्षदगण, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम कोरबा और शहरवासियों को पूरा विश्वास है कि सामूहिक संकल्प और सहभागिता से 6 फरवरी को कोरबा स्वच्छता के क्षेत्र में नया इतिहास रचेगा और गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

