कोरबा जिला जेल में महापौर और महिला पार्षदों ने कैदियों को बांधी राखी, अच्छे आचरण का लिया वचन
कोरबा, 24 अगस्त (हि. स.)। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कोरबा जिला जेल में भावनात्मक और सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर सहित नगर पालिक निगम कोरबा की महिला पार्षदों ने आज जिला जेल पहुंचकर बंदियों को राखी बांधी और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महापौर और महिला पार्षदों ने जेल में बंद कैदियों को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की भावना को मजबूत किया। इस दौरान उन्होंने कैदियों का हालचाल जाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। महिला पार्षदों ने कैदी भाइयों से वचन भी लिया कि वे भविष्य में ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे, जिसके कारण उन्हें दोबारा जेल आने की नौबत पड़े।
कार्यक्रम के दौरान महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी और संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कैदियों को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा भविष्य में कानून का पालन करते हुए सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के साथ एमआईसी सदस्य धनकुमारी गर्ग, ममता यादव, पार्षद धनश्री साहू, प्रभा राठौर, रूबीदेवी सागर, आरती सिंह, चंद्रकली जायसवाल, चंदादेवी, सुलोचना यादव, सीमा कर्ष, हारबाई यादव और सरिता कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कैदियों को रक्षा सूत्र बांधा।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सरोज शांडिल्य, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, पूर्व पार्षद सुशील गर्ग और जेलर अमित साहू भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कैदियों को यह संदेश दिया गया कि वे अपने अतीत की गलतियों से सीख लेकर भविष्य में सकारात्मक सोच के साथ समाज में बेहतर जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
कोरबा जिला जेल में आयोजित इस रक्षाबंधन कार्यक्रम ने सामाजिक संवेदना, मानवीयता और सुधार की भावना को सामने रखा। महिला जनप्रतिनिधियों की इस पहल से कैदियों में भी भावनात्मक जुड़ाव और सकारात्मक बदलाव की उम्मीद दिखाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

