कोरबा जनदर्शन : 58 आवेदनों में राजस्व, बिजली, पेयजल और सड़क की समस्याएं प्रमुख, अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा जनदर्शन : 58 आवेदनों में राजस्व, बिजली, पेयजल और सड़क की समस्याएं प्रमुख, अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश


कोरबा, 6 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दिनेश नाग ने की। इस दौरान आमजन से कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनदर्शन में नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में राजस्व संबंधी मामलों, विद्युत आपूर्ति, अतिथि शिक्षक नियुक्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित मांगें और शिकायतें प्रमुख रहीं।

सीईओ दिनेश नाग ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उसका समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story