कोरबा में भारी बारिश का अलर्ट: हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में भारी बारिश का अलर्ट: हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका, प्रशासन ने जारी की चेतावनी


कोरबा, 27 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने हसदेव नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को क्षेत्र में भारी वर्षा हो सकती है। इसके मद्देनजर मिनीमाता बांगो बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार बांध के गेट खोले जा सकते हैं। इससे हसदेव नदी के जलस्तर और जल प्रवाह में बढ़ोतरी होने की आशंका है।

मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली की ओर से जारी सूचना में नदी किनारे और जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी बारिश की स्थिति में बांध से पानी छोड़े जाने की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में नदी के आसपास जोखिम बढ़ सकता है।

प्रशासन ने लोगों से हसदेव नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा है। विशेष रूप से नदी में उतरने, नहाने, मछली पकड़ने और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है। नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी बताया गया है। नदी किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों, पशुपालकों और मछुआरों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपने परिवार के सदस्यों और मवेशियों को नदी किनारे नहीं जाने देने की अपील की गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बांध के गेट खोले जाने और नदी के जलस्तर से संबंधित किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं और दिशा-निर्देशों का पालन करें।

फिलहाल बांध के गेट खोलने की संभावना जताई गई है। गेट खोलने का निर्णय बारिश और जलस्तर की स्थिति के अनुसार लिया जाएगा। प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए हसदेव नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767912 Articles

Share this story