कोरबा में विकास कार्यों में देरी पर आयुक्त सख्त, बोले- गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता नहीं होगा

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में विकास कार्यों में देरी पर आयुक्त सख्त, बोले- गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता नहीं होगा


कोरबा, 12 नवंबर (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों में देरी कतई स्वीकार्य नहीं होगी। सभी कार्यों में अपेक्षित गति लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराए जाएं।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने गुरुवार को निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित एमआईसी कक्ष में जोन कमिश्नरों एवं अधिकारियों की बैठक लेकर विकास एवं निर्माण कार्यों, साफ-सफाई, जल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सहित निगम की विभिन्न जनसेवाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला खनिज न्यास, अधोसंरचना मद, आदिवासी विकास प्राधिकरण, सांसद एवं विधायक मद, प्रभारी मंत्री मद, वित्त आयोग, एनकेप, सीएसआर, निगम, महापौर एवं पार्षद मद सहित विभिन्न मदों से स्वीकृत और प्रस्तावित कार्यों की जोनवार समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि वार्डों एवं बस्तियों में स्वीकृत विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया नियमानुसार समय पर पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराए जाएं। प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए कि वे स्वयं और उनके अधीनस्थ अभियंता प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि केवल सफाई कर्मचारियों की तैनाती पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्धारित मानकों के अनुरूप धरातल पर सफाई भी नजर आनी चाहिए।

उन्होंने बीटवार सफाई कार्य कराने और उसकी वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कचरा दिखाई देने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बांस-बल्लियों से मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने वार्डों एवं बस्तियों में निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में उपचारित एवं क्लोरीनयुक्त पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन पाइपलाइन में टूट-फूट होने पर बाहरी गंदा पानी मिलने से दूषित जल की आशंका बनी रहती है।

इसलिए पाइपलाइन के अंतिम छोर से प्रतिदिन पानी के सैंपल लेकर मौके पर जांच की जाए। वितरण पाइपलाइनों का लगातार निरीक्षण किया जाए तथा कहीं भी लीकेज या टूट-फूट मिलने पर तत्काल मरम्मत कराई जाए।

आयुक्त ने शहर के सभी जोन के मुख्य मार्गों और संपर्क सड़कों पर स्थापित स्ट्रीट लाइटों की नियमित जांच करने को कहा। खराब लाइटों को तत्काल बदलने या मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि स्ट्रीट लाइटें शाम को निर्धारित समय पर चालू हों और सुबह समय पर बंद की जाएं, ताकि विद्युत का अनावश्यक अपव्यय रोका जा सके।

बैठक में अपर आयुक्त पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर एवं कार्यपालन अभियंता तपन तिवारी, राकेश मसीह, अखिलेश शुक्ला, लीलाधर पटेल, सुनील टांडे सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story