कोरबा आयुक्त ने दादर तालाब पहुंचकर टीम के साथ की सफाई, सहभागिता का किया आव्हान
संत निरंकारी मिशन के कार्यकर्ताओं व नगर निगम कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में जल स्राेत में चलाया गया स्वच्छता अभियान
कोरबा 21 फरवरी (हि.स.)। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज शनिवार को दादर बस्ती मॉं कंकालीन देवी मंदिर के पीछे स्थित तालाब पर पहुंचकर टीम के साथ जल स्त्रोत की सफाई का कार्य किया गया तथा घंटों तक स्वयं सफाई कार्य करते हुए स्वच्छता व साफ-सफाई कार्यो में सबकी सहभागिता का आव्हान किया। इस दौरान बड़ी मात्रा में अपशिष्ट का संग्रहण कर, कचरे का परिवहन व डिस्पोजल कराया गया। आयुक्त पाण्डेय ने इस मौके पर स्वच्छता को अपनी जीवनशैली बनाने, स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करने की अपील आमजन से करते हुए संत निरंकारी मिशन के कार्यकर्ताओं की इस पहल की सराहना की।
नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत ग्राम्य बस्ती दादर मॉं कंकालीन देवी मंदिर के पीछे स्थित तालाब में आज संत निरंकारी मिशन के कार्यकर्ताओं व नगर निगम कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में तालाब जल स्राेत की सफाई हेतु स्वच्छता अभियान संचालित किया गया तथा जल स्राेत की सफाई की गई। इस मौके पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अपनी उपस्थिति प्रदान करते हुए स्वच्छता का कार्य किया, उन्होने टीम के साथ मिलकर साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता कार्य में अपना श्रमदान दिया। इस मौके पर तालाब की मेढ़ व वहॉं पर स्थित 03 घाट की विशेष साफ-सफाई कर बड़ी मात्रा में डिस्पोजल, पाउच कैरीबैग, प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री का अपशिष्ट व बर्म झाड़ियॉं आदि का संग्रहण कर कचरे का उठाव परिवहन व डिस्पोजल कराया गया।
स्वच्छता में सबकी सहभागिता आवश्यक है
इस अवसर पर आयुक्त पाण्डेय ने कहा कि आज जल स़्त्रोत दादर तालाब की सफाई का कार्य संत निरंकारी मिशन के सेवा दल सदस्यों व नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा किया गया। जल पंच तत्वों से एक है तथा जल में ईश्वर का वास होता है, जल एवं जल स्राेतों को स्वच्छ रखना, उनमें गदंगी न होने देना, हम सभी का दायित्व है तथा स्वच्छता में सबकी सहभागिता आवश्यक है। उन्होने कहा कि निगम द्वारा निरंतर स्वयंसेवी व सामाजिक संगठनों तथा आमजन के सहयोग से जल स्त्रोतों की सफाई मार्गो, सार्वजनिक स्थलों व वार्ड-बस्तियों में सफाई का कार्य लगातार किया जाएगा तथा स्वच्छता कार्य में सबका सहयोग प्राप्त किया जाएगा।
प्रतिबंधित प्लास्टिक उपयोग न करने हेतु हम सभी हों जागरूक
इस मौके पर संत निरंकारी मिशन के वरिष्ठ सदस्य ने कहा कि आज दादर बस्ती की इस तालाब के सफाई कार्य में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित निगम के अधिकारी कर्मचारियों का पूरा सहयोग हमारे मिशन को मिला है, हम इसी तरह आगे भी कार्य करते रहेंगे। उन्होने कहा कि सफाई कै दौरान अधिकांश अपशिष्ट प्रतिबंधित प्लास्टिक डिस्पोजल का मिला है, निश्चित रूप से प्रतिबंधित प्लास्टिक स्वच्छता में एक बड़ी बाधा है, अतः हम सभी को स्वयं जागरूक होना होगा कि हम प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग अपने दैनिक जीवन में न करें।
साफ-सफाई कार्येा के दौरान जोन कमिश्नर प्रकाश चन्द्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक अभियंता आकाश अग्रवाल, स्वच्छता निरीक्षक सचीन्द्र थवाईत, संत निरंकारी मिशन के कार्यकर्तागण विकास लालवानी, अमर चांदवानी, माया देवांगन, अमर लालवानी, सुमित राज, जतिन रामानी, वर्षा रामानी, भावेश रामानी, गीता देवी, प्रिया लालवानी, संतोष रामानी आदि के साथ अन्य सदस्यगण, निगम के कर्मचारीगणों आदि ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता व साफ-सफाई में अपनी सहभागिता प्रदान की।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

