रजगामार में बालिका की हत्या पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जताया दुख, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
रजगामार में बालिका की हत्या पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जताया दुख, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग


कोरबा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका के अपहरण एवं हत्या की घटना पर सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत बालिका को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांसद महंत ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की जानकारी ली तथा निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

सांसद ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतर्कता बढ़ाने और दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की आवश्यकता है।

इसके अलावा, मुड़ापार क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना पर भी उन्होंने चिंता जताई। सांसद ने एसपी से क्षेत्र में नशे, विशेषकर सूखे नशे में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशे पर प्रभावी नियंत्रण और कानून का सख्ती से पालन जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765654 Articles

Share this story