कोरबा में आवारा मवेशियों के खिलाफ अभियान तेज
कोरबा, 30 जुलाई (हि. स.)। शहर की सड़कों पर घूमने वाले आवारा एवं घुमंतू मवेशियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देश पर नगर निगम और पशुधन विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मवेशियों की धरपकड़ और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर खुले में घूमने वाले मवेशियों को तत्काल पकड़ा जाए और उनके मालिकों की पहचान कर नियमानुसार जुर्माना वसूली की कार्रवाई की जाए। प्रशासन का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है। निर्देश के बाद पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने नगर निगम के सहयोग से कोरबा शहर के निहारिका और घंटाघर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर विचरण कर रहे मवेशियों को पकड़ा गया और उनकी सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट लगाए गए।
रात के समय सड़क पर घूमने वाले मवेशी अक्सर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। रेडियम बेल्ट लगाए जाने से वाहन की रोशनी पड़ने पर मवेशी दूर से नजर आएंगे और हादसों में कमी आने की उम्मीद है।
अभियान के दौरान पशु पालकों को समझाइश दी गई कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर मवेशी छोड़ना आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे पशु मालिकों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित रूप से मवेशियों की धरपकड़, रेडियम बेल्ट लगाने और पशु मालिकों को जागरूक करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में आवारा मवेशी सड़क पर घूमते दिखाई दें तो इसकी सूचना नगर निगम या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

