किसान स्कूल बहेराडीह में 5 मई को गायत्री यज्ञ, स्व. कुंजबिहारी साहू की पुण्यतिथि पर होगा आयोजन
जांजगीर चांपा, 03 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बहेराडीह स्थित किसान स्कूल में 5 मई को वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय कुंजबिहारी साहू की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर गायत्री यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 8 बजे से शुरू होगा, जिसमें क्षेत्र के किसान, ग्रामीण और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए किसान स्कूल बहेराडीह के संचालक दीनदयाल यादव ने बताया कि स्व. कुंजबिहारी साहू की स्मृति में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गायत्री यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसान स्कूल की स्थापना कृषि क्षेत्र में युवा पीढ़ी को जोड़ने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और एकीकृत कृषि प्रणाली को अपनाने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने कहा कि किसान स्कूल में किसानों के सहयोग से देशी बीजों के संरक्षण, पारंपरिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और विलुप्त होती कृषि से जुड़ी परंपराओं को सहेजने का कार्य लगातार किया जा रहा है। साथ ही किसानों को कृषि को एक व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
इस आयोजन के माध्यम से स्व. कुंजबिहारी साहू को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और कृषि के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

