जशपुर : गंभीर बीमारी से हताश युवक ने मौत को लगाया गले, रहता था मानसिक तनाव में

WhatsApp Channel Join Now
जशपुर : गंभीर बीमारी से हताश युवक ने मौत को लगाया गले, रहता था मानसिक तनाव में


जशपुर, 07 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत ग्राम सुजीबहार में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ 26 वर्षीय युवक अविनाश टोप्पो ने गंभीर बीमारी से हताश होकर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक बैंगलोर में रहकर कामकाज करता था, लेकिन बीते कुछ समय से स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान था।

घटना के संबंध में आज गुरुवार को पुलिस ने बताया कि, अविनाश ने 1 मई को अपने परिजनों को फोन कर तबीयत बिगड़ने की सूचना दी थी, जिसके बाद परिजन उसे कोरबा से रिसीव कर 3 मई को वापस घर ले आए थे। 4 मई को जब उसे बेहतर उपचार के लिए जशपुर ले जाया गया, तो चिकित्सकों की जांच में यह खुलासा हुआ कि उसकी दोनों किडनी फेल हो चुकी हैं। इस गंभीर बीमारी की खबर मिलने के बाद से ही अविनाश गहरे तनाव में रहने लगा था।

बीते 6 मई को जब मृतक के पिता सैहुन टोप्पो किसी कार्यवश पड़ोसी गांव चोगरी बहार गए हुए थे, तभी शाम करीब 4 बजे अविनाश ने अपने सूने कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मामले की सूचना पर कांसाबेल पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story