एफएमजीई परीक्षा में खुशी मिश्रा ने हासिल किए 190 अंक, रूस से मेडिकल की पढ़ाई कर पाई बड़ी सफलता
जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर (हि. स.)। विदेश में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करने वाली खुशी मिश्रा ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई) में 190 अंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। 10 नवंबर को घोषित परीक्षा परिणाम में मिली इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
खुशी मिश्रा रूस में रहकर चिकित्सा की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं। वह प्रयागराज जनपद के उरुवा विकासखंड अंतर्गत बेदौली गांव के मूल निवासी और छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा से जुड़े व्यवसायी धनंजय मिश्रा की पुत्री हैं। विदेश में मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एफएमजीई परीक्षा में 190 अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है।
खुशी की माता आशा मिश्रा ने बताया कि बेटी को विदेश भेजकर मेडिकल की पढ़ाई कराना परिवार के लिए एक चुनौतीपूर्ण निर्णय था। हालांकि, खुशी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से परिवार की उम्मीदों को पूरा किया है।
गौरतलब है कि एफएमजीई परीक्षा विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले भारतीय विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण परीक्षा मानी जाती है। इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के बाद विदेशी मेडिकल स्नातकों के लिए भारत में चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने का रास्ता खुलता है।
खुशी मिश्रा की इस उपलब्धि पर जांजगीर-चांपा सहित प्रयागराज में उनके परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिवार को उम्मीद है कि खुशी भविष्य में एक योग्य चिकित्सक बनकर देश और समाज की सेवा करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

