धमतरी : बंजर भूमि से हरियाली की ओर बढ़ रहा खिसोरा, सात एकड़ में लगाए गए एक हजार पौधे

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : बंजर भूमि से हरियाली की ओर बढ़ रहा खिसोरा, सात एकड़ में लगाए गए एक हजार पौधे


धमतरी : बंजर भूमि से हरियाली की ओर बढ़ रहा खिसोरा, सात एकड़ में लगाए गए एक हजार पौधे


आस्था महिला स्व-सहायता समूह को मिली तीन साल तक देखरेख की जिम्मेदारी

धमतरी, 27 नवंबर (हि.स.)। गांव का विकास केवल सड़क, भवन और अन्य सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं होता, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता भी इसकी महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसी सोच के साथ छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड की ग्राम पंचायत खिसोरा ने चारागाह भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की पहल की है।

वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में ग्राम पंचायत की सात एकड़ चारागाह भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से वृक्षारोपण कराया गया है। इसके तहत विभिन्न प्रजातियों के एक हजार पौधे लगाए गए हैं, जिनमें से वर्तमान में 880 पौधे जीवित हैं। वृक्षारोपण में आम, जामुन, करौंदा, गुलमोहर, आंवला, पीपल और बरगद जैसी फलदार, औषधीय एवं छायादार प्रजातियों को शामिल किया गया है। इन पौधों का चयन उनकी स्थानीय उपयोगिता और पर्यावरणीय महत्व को ध्यान में रखकर किया गया है। फलदार वृक्ष भविष्य में ग्रामीणों को फल एवं पोषण उपलब्ध कराने में सहायक होंगे, वहीं छायादार पेड़ तापमान संतुलन और जैव विविधता संरक्षण में योगदान देंगे।

चारागाह भूमि पर विकसित किया जा रहा यह हरित क्षेत्र मिट्टी और जल संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। वृक्ष मिट्टी के कटाव को रोकने, वर्षा जल के भूमि में समावेशन और नमी बनाए रखने में मदद करते हैं। इस पहल की खासियत केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी सुनिश्चित करना भी है। रोपित पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, निराई-गुड़ाई और रखरखाव का दायित्व तीन वर्ष की लीज अवधि के लिए आस्था महिला स्व-सहायता समूह, आस्था महिला संगठन करेलीबाड़ी को सौंपा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story