खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: कुश्ती के दंगल में छाए देशभर के पहलवान, दूसरे दिन दिखा जबरदस्त रोमांच
अंबिकापुर, 29 मार्च (हि.स.)। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत सरगुजा जिले के गांधी स्टेडियम में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन देशभर से आए खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया। हर बाउट में जीत के लिए खिलाड़ियों ने पूरा जोर लगाया, जिससे दर्शकों को शानदार खेल देखने को मिला। मुकाबलों के बाद विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया गया।
दूसरे दिन के प्रमुख फाइनल मुकाबलों में सीनियर महिला 50 किलोग्राम वर्ग में झारखंड की पूनम ओराँव ने तेलंगाना की के. गीता को 6-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। महिला सीनियर 62 किलोग्राम वर्ग में हिमाचल प्रदेश की प्रियंका चौधरी ने असम की देबी दैमारी को एकतरफा मुकाबले में 11-0 से पराजित किया। पुरुष ग्रीको रोमन सीनियर 67 किलोग्राम वर्ग में झारखंड के अंजीतकर मुंडा ने गुजरात के वसावा मुकेशभाई को 9-0 से हराया। वहीं 97 किलोग्राम वर्ग में हिमाचल प्रदेश के नवीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के शमा हुन को 8-0 से शिकस्त दी। पुरुष फ्रीस्टाइल सीनियर 74 किलोग्राम वर्ग में जम्मू-कश्मीर के मुनैर हुसैन ने महाराष्ट्र के विक्रम साहेबराव पवार को 11-1 से हराकर जीत दर्ज की।
पदक विजेताओं की सूची में सीनियर महिला 50 किलोग्राम वर्ग में पूनम ओराँव ने स्वर्ण, के. गीता ने रजत, जबकि चंचला कुमारी और रूपतालिन ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला 62 किलोग्राम वर्ग में प्रियंका चौधरी ने स्वर्ण, देबी दैमारी ने रजत तथा चांदनी नरेती और अनिशा बासुमातारी ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
पुरुष वर्ग में ग्रीको रोमन 67 किलोग्राम में अंजीतकर मुंडा ने स्वर्ण, वसावा मुकेशभाई ने रजत, जबकि आकाश करदोंग और अक्षय कुमार ने कांस्य पदक जीता। 97 किलोग्राम वर्ग में नवीश कुमार ने स्वर्ण, शमा हुन ने रजत और साहिल चौधरी ने कांस्य पदक हासिल किया। फ्रीस्टाइल 74 किलोग्राम में मुनैर हुसैन ने स्वर्ण, विक्रम पवार ने रजत तथा अंकुश कुमार और अम्रुत फक्कीरप्पा ने कांस्य पदक जीते। वहीं फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम वर्ग में महाराष्ट्र के विनोद यशवंत सलाकार ने स्वर्ण, राजस्थान के अमित कुमार मीना ने रजत और हिमाचल प्रदेश के हरपाल सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

