(अपडेट )सरगुजा में गूंजेगा ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का शंखनाद, 30 राज्यों के 144 रेसलर्स दिखाएंगे दमखम

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट )सरगुजा में गूंजेगा ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का शंखनाद, 30 राज्यों के 144 रेसलर्स दिखाएंगे दमखम


अंबिकापुर, 27 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ का सरगुजा जिला 28 मार्च से एक ऐतिहासिक खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है, जहां देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के तहत कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आगाज होगा। जिला मुख्यालय अंबिकापुर स्थित गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय समागम में देशभर से पहुंचे जनजातीय खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मेजबान छत्तीसगढ़ समेत करीब 30 राज्यों के कुल 144 पुरुष एवं महिला रेसलर्स हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन न सिर्फ जनजातीय युवाओं को राष्ट्रीय मंच देगा, बल्कि उनकी खेल प्रतिभा को नई पहचान भी दिलाएगा।

चार दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता 28 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित होगी, जिसमें रोजाना तीन चरणों में मुकाबले होंगे। पहला चरण सुबह 8 से 9 बजे तक, दूसरा चरण सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और तीसरा चरण शाम 4 बजे से खेल समाप्ति तक चलेगा। इससे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी आयोजन को सुगम और रोचक बनाया गया है।

इस भव्य आयोजन को “भारत के जनजातीय खेल, छत्तीसगढ़ मा सुंदर मेल” की आकर्षक टैगलाइन के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। खेल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। खास बात यह है कि मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती के माध्यम से किया जाएगा, जिससे देश-दुनिया के दर्शक इस आयोजन को लाइव देख सकेंगे।

खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सरगुजा अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति और मेहमाननवाजी के साथ अब राष्ट्रीय खेल मंच पर नई पहचान बनाने को तैयार है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story