खेलो इंडिया संवाद में गूंजे युवाओं के सुझाव, माई भारत पोर्टल पर किए अपलोड

WhatsApp Channel Join Now
खेलो इंडिया संवाद में गूंजे युवाओं के सुझाव, माई भारत पोर्टल पर किए अपलोड


सूरजपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने खेल, कौशल विकास, नागरिक कर्तव्य और स्वयंसेवा को लेकर अपने विचार साझा किए। आज गुरुवार को शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन लाइव सुना। इसके बाद आयोजित युवा संवाद सत्र में युवाओं ने अपने सुझाव माई भारत पोर्टल पर भी अपलोड किए।

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) अभियान और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष यसवंत सिंह, प्राचार्य डॉ. एच.एन. दुबे, राष्ट्रीय रेफरी गौस बेक सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के लाखों युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत में आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया संवाद केवल खेलों पर चर्चा करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह ऐसा मंच है, जहां युवाओं का एक-एक विचार देश के स्पोर्ट्स विजन को नई दिशा दे सकता है।

देशभर के 1,389 शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में सूरजपुर के महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं के बीच हुई परिचर्चा

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद महाविद्यालय में स्थानीय सत्र आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय खिलाड़ियों और युवा प्रतिनिधियों के बीच विशेष परिचर्चा हुई। इस दौरान बीते दशक में खेल अधोसंरचना के विस्तार तथा आगामी ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा संवाद सत्र रहा। इसमें विद्यार्थियों ने नागरिक कर्तव्यबोध, कक्षा से परे कौशल विकास, नवयुग में स्वयंसेवा और माई भारत मंच के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपने सुझाव रखे।

माई भारत पोर्टल पर अपलोड किए सुझाव

युवाओं द्वारा दिए गए सुझावों को निर्धारित पंजी में दर्ज करने के साथ-साथ क्यूआर कोड के माध्यम से सीधे माई भारत पोर्टल पर भी अपलोड किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के विचारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना रहा।

समारोह के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को दैनिक जीवन में फिटनेस को अपनाने, माई भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story