सूरजपुर : खरीफ सीजन में शनिवार को भी खुलेंगे सहकारी समिति कार्यालय और गोदाम

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 19 जून (हि.स.)। खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को खाद, बीज एवं नगद ऋण की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले की सभी सहकारी समितियों के कार्यालय एवं गोदाम अब प्रत्येक शनिवार को भी खुले रहेंगे, ताकि किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री समय पर मिल सके।

उपायुक्त सहकारिता द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्तमान में जिले की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद, बीज तथा नगद ऋण का वितरण किया जा रहा है। कृषि कार्यों और धान बुआई का समय नजदीक होने के कारण किसानों की मांग लगातार बढ़ रही है।

प्रशासनिक समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ समितियों में खाद-बीज एवं नगद ऋण वितरण की प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी है। इसे देखते हुए किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कृषि कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए सभी समिति प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशों के तहत खरीफ सीजन समाप्त होने तक जिले की सभी सहकारी समितियों के कार्यालय एवं गोदाम प्रत्येक शनिवार को भी संचालित रहेंगे। इस दौरान किसानों को खाद, बीज एवं नगद ऋण का वितरण नियमित रूप से किया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध होंगे, जिससे धान बुआई सहित अन्य कृषि कार्यों में तेजी आएगी और किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story