बलरामपुर : खरीफ सीजन के लिए 13 हजार टन से अधिक खाद का भंडारण

WhatsApp Channel Join Now

37 सहकारी समितियों में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध, किसानों ने अब तक 6,258 टन खाद का किया उठाव

बलरामपुर, 19 जून (हि.स.)। खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कृषि विभाग ने जिले की 37 सहकारी समितियों में विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया है, ताकि किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उप संचालक कृषि के अनुसार जिले में वर्तमान में कुल 13,456.10 टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। किसानों द्वारा अब तक 6,258.19 टन खाद का उठाव किया जा चुका है, जबकि समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है।

विभागीय जानकारी के अनुसार वर्तमान में समितियों में यूरिया 3,594.57 टन, डीएपी 1,143.65 टन, एसएसपी 1,127.05 टन, एमओपी 452 टन तथा एनपीके 880.60 टन उपलब्ध है। खरीफ वर्ष 2026 के लिए किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है।

विकासखंडवार उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बलरामपुर की 7 सहकारी समितियों में 1,897 टन खाद का भंडारण किया गया था, जिसमें से 903.29 टन का उठाव हो चुका है और 993.71 टन उपलब्ध है। रामचंद्रपुर की 6 समितियों में 2,972.52 टन खाद भंडारित किया गया, जिसमें से 1,574.89 टन का उठाव हुआ है तथा 1,397.63 टन शेष है।

राजपुर विकासखंड की 6 समितियों में 3,938.51 टन खाद का भंडारण किया गया, जहां किसानों ने 2,220.02 टन खाद प्राप्त किया है और 1,718.50 टन उपलब्ध है। शंकरगढ़ की 4 समितियों में 1,005.47 टन खाद भंडारित किया गया, जिसमें से 257.62 टन का उठाव हो चुका है तथा 747.85 टन उपलब्ध है।

कुसमी विकासखंड की 4 समितियों में 1,127.86 टन खाद रखा गया है। यहां किसानों ने 155.07 टन खाद प्राप्त किया है और 972.79 टन खाद उपलब्ध है। वहीं वाड्रफनगर की 10 समितियों में 2,514.71 टन खाद का भंडारण किया गया, जिसमें से 1,147.31 टन का उठाव किया जा चुका है और 1,367.41 टन खाद शेष है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद का उठाव कर लें और खरीफ फसलों की बुआई से पहले कृषि आदानों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। विभाग द्वारा उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story