कटघोरा में युवाओं ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
कटघोरा में युवाओं ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प


कटघोरा में युवाओं ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प


कोरबा/कटघोरा, 19 अगस्त (हि. स.)। शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय कटघोरा में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने आज बुधवार काे दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करने की अपील की।

नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि युवाओं को नशे के बजाय पढ़ाई और सफलता का जुनून अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनने जैसे लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बिंदु बहन ने स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के लिए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। प्रभारी प्राचार्य एम.एम. जोशी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

आयोजन के दौरान चित्रकला, रंगोली, भाषण, निबंध और प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गीत एवं नाटक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी नशे के दुष्परिणामों से बचने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो के उप निदेशक रमेश जायभाये, तकनीकी सहायक के.वी. गिरी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story