बेटियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण से मिलेगा आत्मविश्वास और नेतृत्व का संबल: मंत्री लखन लाल देवांगन

WhatsApp Channel Join Now
बेटियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण से मिलेगा आत्मविश्वास और नेतृत्व का संबल: मंत्री लखन लाल देवांगन


कोरबा, 01 अगस्त (हि. स.)। जिला कुडो संघ द्वारा शनिवार को कटघोरा के मंगल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर 2026 का शुभारंभ उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचीं प्रतिभाशाली बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मंत्री देवांगन ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण केवल सुरक्षा के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि इससे बेटियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बेटियां ही सशक्त एवं सुरक्षित समाज की नींव मजबूत करती हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में खेल अधोसंरचना के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की जा रही हैं।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की खेलो इंडिया जैसी योजनाओं से भी खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां खेल, शिक्षा, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।

कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने जिला कुडो संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बेटियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना करने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद जनक राजपूत, कुडो कराते संघ की अध्यक्ष सीता रजक सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story